Patna : पटना में गुरुवार को महागठबंधन ने अपनी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी धनबल का इस्तेमाल कर चुनाव जीत रही है और अब एनडीए को भी अपना मुख्यमंत्री फेस बताना चाहिए। गहलोत ने यह भी बताया कि सरकार बनने पर महागठबंधन में दो उपमुख्यमंत्री होंगे, जिनमें से एक मुकेश सहनी होंगे और दूसरा किसी दूसरे समाज से होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत, माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और मुकेश सहनी मौजूद थे। हालांकि, महागठबंधन का संकल्प पत्र अभी पूरी तरह तैयार नहीं होने की वजह से आज जारी नहीं किया गया। उपमुख्यमंत्री पद के लिए भी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
महागठबंधन के प्रचार पोस्टर में केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर है और उस पर लिखा है “बिहार मांगे तेजस्वी सरकार”। इस वजह से कांग्रेस के कुछ नेताओं में नाराजगी देखी गई। इस पर विवाद के बाद तेजस्वी यादव और अशोक गहलोत के बीच करीब 20 मिनट की बैठक हुई।

इसके अलावा, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी पोस्टर पर केवल तेजस्वी की तस्वीर होने पर आपत्ति जताई और कहा कि वोट राहुल गांधी की तस्वीर पर होगा, किसी और की तस्वीर पर नहीं। उनका कहना है कि यह सही संदेश नहीं देगा।
Also Read : सिमडेगा पुलिस का ‘ऑपरेशन रेड हंट’ : 104 लाल वारंटों का निष्पादन, 51 अपराधी गिरफ्तार