Ranchi : राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने नई MBBS सीट मैट्रिक्स जारी की है, जिसमें झारखंड के दो मेडिकल कॉलेजों में 50-50 सीटों की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इसमें एक सरकारी और एक निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। यह नई व्यवस्था शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से लागू होगी और NEET-UG 2025 की काउंसलिंग में इसका असर दिखेगा।
NMC ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस
16 अक्टूबर 2025 को NMC ने देशभर के मेडिकल कॉलेजों के लिए नई MBBS सीट मैट्रिक्स जारी की। NMC के पॉलिसी एंड कोऑर्डिनेशन डिवीजन के निदेशक राजीव शर्मा ने सार्वजनिक नोटिस में बताया कि मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) की अधिसूचना के तहत MBBS सीटों की अद्यतन सूची तैयार की गई है। यह सूची मौजूदा कॉलेजों की सीटों के नवीनीकरण और नए कॉलेजों या अतिरिक्त सीटों के अनुमोदन के बाद बनाई गई है। NMC ने सभी मेडिकल कॉलेजों, अभिभावकों और NEET-UG 2025 के छात्रों से इस जानकारी पर ध्यान देने को कहा है।
जमशेदपुर के मेडिकल कॉलेजों में बढ़ीं सीटें
झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में पहले 100 MBBS सीटें थीं, अब 50 सीटें बढ़ाकर कुल 150 सीटें कर दी गई हैं। यह झारखंड का एक प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेज है। वहीं, मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में पहले 150 सीटें थीं, जो अब 50 और सीटें बढ़ाकर 200 हो गई हैं। इससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

नए मेडिकल कॉलेजों को भी मंजूरी
NMC ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए देश के कई राज्यों में नए मेडिकल कॉलेज खोलने की अनुमति दी है। झारखंड में बढ़ी 100 सीटें मेधावी छात्रों के लिए बड़ी सौगात हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल
झारखंड के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अजय कुमार सिंह ने कहा कि लगातार प्रयासों से MBBS सीटें बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में कम से कम 150 सीटें सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। चार अन्य कॉलेजों में भी 50-50 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इससे राज्य में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी।
Also Read : धनतेरस 2025: इन 5 उपायों से मिलेगी लक्ष्मी-कुबेर की कृपा, घर में आएगी समृद्धि