Ranchi : झारखंड में मॉनसून पूरी तरह वापस लौट चुका लग रहा है। पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 16 डिग्री और अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 33.6 डिग्री दर्ज किया गया। रांची मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में हल्के बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव, कुछ जिलों में बूंदाबांदी संभव
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हल्की हलचल से राज्य में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों में दोपहर 2 बजे के बाद पूर्वी जिलों जैसे पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में आंशिक बादल छा सकते हैं। अन्य जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। कोई बारिश या वज्रपात का अलर्ट नहीं है। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जो ज्यादातर जिलों में 29-30 डिग्री के आसपास रहेगा। दोपहर में तेज धूप और शाम को हल्की ठंड महसूस होगी।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मॉनसून रक्सौल, वाराणसी, जबलपुर, अकोला, अहिल्यानगर और अलीबाग रूट से लौट रहा है। 1 जून से अब तक राज्य में 1266.6 मिमी बारिश हुई है, जबकि सालाना औसत 1440 मिमी है। सुबह-शाम ठंडी हवाओं से गुलाबी ठंड का अहसास होगा।

प्रमुख शहरों का तापमान और AQI (मंगलवार के आंकड़े)
शहर | अधिकतम/न्यूनतम तापमान | वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) |
रांची | 29°C / 19°C | 154 |
जमशेदपुर | 33°C / 21°C | 157 |
धनबाद | 32°C / 21°C | 88 |
बोकारो | 31°C / 20°C | 90 |
ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनें रद्द
ठंड बढ़ने और कोहरे की संभावना को देखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनें रद्द की हैं। हटिया-आनंद विहार टर्मिनल (ट्रेन नंबर 12873, त्रि-साप्ताहिक) 1 दिसंबर से 26 फरवरी 2026 तक हटिया से नहीं चलेगी। इसी तरह आनंद विहार टर्मिनल-हटिया (12874) 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद्द रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि अपडेट के लिए रेलवे से संपर्क करें।
Also Read : रांची में कई थानेदारों और ओपी प्रभारियों का तबादला… देखें लिस्ट