Johar Live Desk : महिला विश्व कप 2025 में गुरुवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा लीग मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला एडीसीए-वीडीसीए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका पहली बार विशाखापट्टनम में महिला वनडे मैच खेलेगी। यह शहर आखिरी बार 2014 में किसी महिला अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी कर चुका है। यह दोनों टीमों का टूर्नामेंट में तीसरा मैच है। भारत दो जीत से चार अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका एक जीत और एक हार के साथ पांचवें नंबर पर है।
भारत की मजबूत शुरुआत
भारत ने गुवाहाटी में सह-मेजबान श्रीलंका को 59 रनों से हराकर अभियान शुरू किया। फिर कोलंबो में पाकिस्तान को 88 रनों से पीटकर दूसरी जीत हासिल की। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने पूर्व चैंपियन इंग्लैंड से 10 विकेट से शर्मनाक हार झेली, लेकिन न्यूजीलैंड पर 5 विकेट से जीतकर वापसी की।
हेड टू हेड : भारत का दबदबा
वनडे में भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर 32 मैचों में 20 जीत हासिल की हैं, जबकि 12 में हार मिली। इस मनोवैज्ञानिक बढ़त से मेजबान टीम को आज फायदा होगा। अगर मौसम ने साथ दिया, तो भारत को तीसरी जीत की उम्मीद है।

मौसम का खतरा : भारी बारिश की चेतावनी
विशाखापट्टनम में दो दिन से बारिश हो रही है। कई जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। अगले 24 घंटों के लिए गुरुवार दोपहर तक रेड अलर्ट जारी है। ऐसे में मैच पर बारिश बाधा बन सकती है।
पिच रिपोर्ट :
यह मैदान शुरुआत में बल्लेबाजों के अनुकूल है, लेकिन बाद में स्पिनरों को फायदा मिलता है। यहां रन बनते हैं और पहली पारी का औसत स्कोर 230 के आसपास रहता है। कप्तान लक्ष्य का पीछा करना पसंद करते हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्मृति मंधाना, प्रतीका रावल, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, हरलीन देयोल, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), सिनालो जाफ़्टा (विकेटकीपर), ताज़मिन ब्रिट्स, मारिज़ैन कप्प, एनेरी डर्कसेन, सुने लुस, क्लो ट्रायॉन, मसाबाता क्लास, नादिन डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।
Also Read : भाजपा नेता बिंदू भूषण दुबे का दिल्ली में निधन, रांची में होगा अंतिम संस्कार