Ranchi : झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम भीगा-भीगा रहने वाला है। मौसम विभाग ने 9 से 13 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
बीते 24 घंटे में पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में सबसे अधिक 49.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची समेत कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा।
चतरा और कोडरमा में मौसम बना मौत का कारण
कोडरमा और चतरा जिले में रविवार को मौसम ने कहर बरपाया। चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के खधैया गांव में अचानक आई बाढ़ में बाइक सवार दो युवक बह गए। ग्रामीणों ने चांदो दास को गंभीर हालत में बचा लिया, लेकिन उनके जीजा संजू दास अब तक लापता हैं।
उधर, चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रही 39 वर्षीय महिला किसान चिंता देवी की वज्रपात से मौत हो गई। कोडरमा जिले के खांडी गांव में भी बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक सचिन कुमार शर्मा की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह मोबाइल से ऑनलाइन पेमेंट कर रहे थे। उनके साथ मौजूद दो फेरीवाले बाल-बाल बच गए। वहीं चंदवारा प्रखंड के जौगी गांव में आकाशीय बिजली से तीन बकरियों की मौत हो गई, हालांकि महिला और उनकी साथी सुरक्षित रहीं।
कहां कितना बढ़ेगा तापमान?
राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक,
देवघर, धनबाद, दुमका और जमशेदपुर में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 22 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है।
*गिरिडीह, पाकुड़ और साहिबगंज में पारा 38 डिग्री तक जा सकता है, हालांकि बारिश से इसमें गिरावट संभव है।
रांची में बढ़ी उमस, लेकिन बारिश से मिलेगी राहत
राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिल सकती है।
अब तक इस मानसून सीजन में रांची में 1317.1 मिमी बारिश** दर्ज की गई है, जो सामान्य से 20% अधिक है।
झारखंड में सामान्य से 22% अधिक बारिश
राज्य में 1 जून से 7 सितंबर तक कुल 1048.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 859.5 मिमी है। यानी इस बार अब तक 22 फीसदी ज्यादा वर्षा हुई है।
बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और जामताड़ा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई।
जबकि गुमला, रामगढ़ और सरायकेला-खरसावां में बारिश सामान्य से कम रही।
खूंटी और लातेहार में भी औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है।