Ranchi : झारखंड में शनिवार और रविवार को मौसम हल्के बादलों के साथ रहेगा। मौसम विभाग ने रांची समेत कुछ जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। सोमवार से राज्य में बादल गहरे होने और कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी झारखंड पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ चुका है, जिससे बादल हल्के हो गए हैं। फिर भी, रांची और कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 9 सितंबर से बादल फिर गहरे होंगे, जिससे तेज बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों का हाल और बारिश का आंकड़ा
पिछले 24 घंटों में मानसून कमजोर रहा, जिसमें केवल खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में 20 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। अन्य हिस्सों में बारिश कम रही। रांची में 1 जून से 5 सितंबर तक 1314.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 855.9 मिमी से 54% अधिक है। पूरे झारखंड में इस दौरान 1045.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 840.2 मिमी से 24% ज्यादा है।
तापमान और अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
मौसम साफ होने के कारण अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3% की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दो दिन पहले ओडिशा के तटीय क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड को पार कर छत्तीसगढ़ पहुंच गया है। इससे घने बादल छट गए हैं, लेकिन अगले दो दिन आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 9 सितंबर से फिर बादल गहरे होने और तेज बारिश की संभावना है।
Also Read : अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले के वांछित आरोपी शरणजीत को NIA ने बिहार से किया गिरफ्तार