Ranchi : राजधानी समेत सूबे के कई जिलों में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों में रांची में तेज धूप ने लोगों को राहत दी, जिसके चलते कई दिनों बाद लोग छतों पर धूप सेंकते और कपड़े सुखाते नजर आए। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 7 अगस्त तक पूरे झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन बारिश की तीव्रता में कमी देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून ट्रफ अमृतसर, चंडीगढ़, शामली, शाहजहांपुर, लखनऊ, छपरा, बांकुड़ा, कैनिंग से होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर स्पष्ट दिख रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान वज्रपात की आशंका अधिक है और हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
आंकड़ों में मौसम का हाल
पिछले 24 घंटों में धनबाद में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। रांची में इस मानसून सीजन में अब तक कुल 1000 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों से मौसम की जानकारी पर नजर रखने को कहा गया है।