पाकुड़: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की सदस्य शबनम परवीन ने मंगलवार को परिसदन पाकुड़ में बैठक की. झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के जिला स्तर पर आवंटन की स्थिति, पंचायत स्तर पर राशि की उपलब्धता और व्यय की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उद्देश्य समाज के सबसे पिछले तबके के लोगों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करना है. इसको सही ढंग से लागू करना आपकी ड्यूटी ही नहीं बल्कि एक सामाजिक दायित्व भी है. यह सुनिश्चत करें कि जिले या आपके क्षेत्र में को खाद्यान्न के अभाव में ना रहे. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आप लोग ऐसा प्रयास करें कि किसी भी लाभुक को दिक्कत न हो. सभी एमओ से प्रखंड में राशि की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया. झारखंड आकस्मिक खाद्यान्न कोष का सही से उपयोग करने, सभी एमओ को लोगों में योजनाओं का विभिन्न माध्यमों के द्वारा वृहत प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि जितने भी पुराने शिकायतें लंबित है सभी शिकायतों का निवारण 15 दिनों के अंदर करना सुनिश्चित करें. मौके पर अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी जेम्स सुरीन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, एसएमपीओ पवन कुमार, सभी प्रखंड के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.
झारखंड राज्य खाद्य आयोग की सदस्य ने की बैठक, शिकायतों का 15 दिन में निवारण करें अधिकारी

