डोरंडा के मणिटोला में अपहरण की अफवाह फैलाकर कुछ लोगों ने ब्रीजा गाड़ी सवार दो लोगों की जम कर पिटाई कर दी। वहीं गाड़ी को भी बुरी तरह तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जहानाबाद के उम्टा निवासी रवींद्र कुमार सिंह और चंदन कुमार सिंह ब्रीजा गाड़ी(जेएच 09 एई 1278) से डोरंडा से खूंटी रोड जा रहे थे। रास्ते में राजेंद्र चौक के पास से ये रास्ता भटक कर तुलसी चौक, डोरंडा बाजार में प्रवेश कर गए। यहां पर ब्रीजा गाड़ी किसी के पैर पर मामूली रूप से चढ़ गई। जिसके बाद गाड़ी सवार तेजी से भागने लगे। भागने के क्रम में अफवाह फैल गई कि ब्रीजा गाड़ी से अपहरण की कोशिश की गई। अफवाह फैलने के बाद मणिटोला के पास ब्रीजा गाड़ी को स्थानीय लोगों ने रोक दिया। इसके बाद जम कर ब्रीजा सवार लोगों की पिटाई कर दी गई। उग्र भीड़ ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। वहीं गाड़ी पर पत्थर भी बरसाए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डोरंडा थाने के प्रभारी आबिद खान और एसआई सुभाष गोराई मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को समझाया बुझाया। इसके बाद ब्रीजा सवार दोनों लोगों को पुलिस थाने ले आयी। रविवार को डोरंडा पुलिस ने जहानाबाद पुलिस से संपर्क कर रवींद्र और चंदन की पृष्टभूमि की पड़ताल की। जानकारी के मुताबिक रवींद्र बिहार सरकार का कर्मचारी है। वह खुद को बिजली विभाग का क्लर्क बताता है। वह देव औरंगाबाद में पोस्टेड है।
© 2026 Johar LIVE. | About Us | AdSense Policy | Privacy Policy | Terms and Conditions | Contact Us.
