Ranchi : राजधानी रांची में बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार मामला सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का है, जहां सब्जी खरीदने गए एक युवक की बाइक चोरों ने उड़ा ली। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक लातेहार के मनिका निवासी पंकज कुमार फिलहाल रांची के रातू रोड स्थित आर्यापुरी इलाके में किराये के मकान में रहते हैं। बताया गया कि 5 मई की शाम वह अपनी हीरो ग्लैमर बाइक से खादगढ़ा बाजार सब्जी खरीदने गए थे।
शनि मंदिर के पास खड़ी की बाइक, चोर ले उड़े
पंकज कुमार ने अपनी बाइक शनि मंदिर के पास खड़ी की और बाजार में सब्जी खरीदने चले गए। रोजमर्रा का काम समझकर वह बेफिक्र होकर बाजार में खरीदारी करते रहे। लेकिन जब करीब 45 मिनट बाद वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। जहां बाइक खड़ी की थी, वहां कुछ भी नहीं था। पहले तो उन्हें लगा शायद किसी ने बाइक हटाई होगी, लेकिन आसपास काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला।
लोगों से पूछा, खुद तलाश की, फिर पहुंचे थाने
बाइक गायब होने के बाद पंकज कुमार ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। बाजार के आसपास काफी देर तक तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने सुखदेवनगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रांची में बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक जगहों से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर लोगों के लिए चेतावनी है कि कुछ मिनट के लिए भी वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा को हल्के में न लें।
Also Read : झारखंड में मौसम बिगड़ा, कई जिलों में तूफान-ठनका का हाई अलर्ट


