Patna : बिहार राज्य महिला आयोग अब एक्शन मोड में है। आयोग जल्द ही राज्यभर के सरकारी और गैर-सरकारी महिला हॉस्टलों का निरीक्षण करेगा। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में कैंप भी लगाए जाएंगे, जहां छात्राओं से उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। आयोग हॉस्टलों में रह रही लड़कियों की सुरक्षा, पोषण और सुविधाओं की व्यवस्था की जांच करेगा। आयोग यह देखेगा कि छात्राएं सुरक्षित माहौल में रह रही हैं या नहीं और उन्हें पर्याप्त भोजन और आवश्यक संसाधन मिल रहे हैं या नहीं।
चुनाव परिणाम के बाद शुरू होगा निरीक्षण अभियान
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा और सदस्य अलग-अलग हॉस्टलों का दौरा करेंगी। वे लड़कियों से सीधे बातचीत कर उनकी परेशानियां जानेंगी। अप्सरा मिश्रा ने कहा कि राजधानी पटना से इस अभियान की शुरुआत होगी। “कई लड़कियां अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे जिलों से पटना आती हैं। हमारा दायित्व है कि वे यहां सुरक्षित रहें,” उन्होंने कहा।
पटना यूनिवर्सिटी से होगी शुरुआत
महिला आयोग सबसे पहले पटना यूनिवर्सिटी के कॉलेज हॉस्टलों का औचक निरीक्षण करेगा। इसके बाद राज्य के अन्य जिलों के हॉस्टलों में भी निरीक्षण किया जाएगा। आयोग अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें कई जिलों से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शिकायतें और आवेदन मिले हैं। कई मामले ऐसे भी हैं जो सामने नहीं आ पाते। चुनाव के बाद एक विस्तृत निरीक्षण शेड्यूल तैयार किया जाएगा, जिसमें हर हॉस्टल के दौरे की तारीख और विवरण तय होगा।

Also Read : रांची में सोने-चांदी के दाम स्थिर, खरीदारी से पहले जरूर चेक करें ताजा रेट

