Ranchi : झारखंड में इस बार सर्दी जोरदार रंग दिखाने वाली है। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते से ही सुबह और शाम को ठंडक बढ़ने लगी है। रांची, बोकारो और गिरिडीह जैसे जिलों में लोग हल्के स्वेटर और जैकेट पहनने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, ला नीना के प्रभाव से इस बार सामान्य से अधिक ठंड पड़ने की संभावना है।
तापमान में 2 डिग्री की गिरावट
पिछले 24 घंटों में झारखंड के अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। लातेहार में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रांची, खूंटी और धनबाद में रात का तापमान 18 डिग्री के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नवंबर के पहले हफ्ते से ठंड शुरू होगी और दूसरे हफ्ते से यह कांपने लायक हो सकती है।
धनतेरस पर साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 18 अक्टूबर को धनतेरस के दिन मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। बारिश या घने बादलों की कोई संभावना नहीं है। लोग बिना किसी परेशानी के बाजारों में खरीदारी कर सकेंगे। हालांकि, शाम को गुलाबी ठंड महसूस हो सकती है, इसलिए हल्के गर्म कपड़ों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

दीपावली पर हल्की बारिश की संभावना
20 अक्टूबर को दीपावली के दिन पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसांवा जैसे दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज के साथ बादल छा सकते हैं। बाकी जिलों में आसमान हल्के बादलों से घिरा रहेगा, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा।
छठ के बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि छठ पर्व के बाद झारखंड में ठंड अपना पूरा असर दिखाएगी। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम कोहरा छाने लगेगा और तापमान में तेज गिरावट होगी। लोगों को सर्दी के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
Also Read : इप्सोवा दिवाली मेले में झूमे बच्चे, गूंजा संगीत और थिरके लोक कलाकार