Ranchi : झारखंड में मौसम फिर करवट लेने वाला है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी हो सकती है।
10 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसम विभाग ने बताया कि 10 सितंबर तक झारखंड के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 7 और 8 सितंबर को कई जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि 9 और 10 सितंबर को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। 11 और 12 सितंबर को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। बारिश से किसानों को फायदा होगा, क्योंकि खेतों में नमी बनी रहेगी। साथ ही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।
आंधी-तूफान का अलर्ट
8 सितंबर तक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों या कच्चे मकानों के पास न खड़े होने की सलाह दी है। हालांकि, 9 से 12 सितंबर तक कोई विशेष चेतावनी नहीं जारी की गई है।
शनिवार को रांची में हल्की बारिश
शनिवार देर शाम रांची में हल्की बारिश हुई, जिसमें 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश कम होने से तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। रांची का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री (सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा), जमशेदपुर में 36.6 डिग्री और बोकारो में 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान मांडु में 38.8 डिग्री और सबसे ज्यादा बारिश 25.4 मिमी भी यहीं दर्ज हुई।
तापमान का हाल
बीते 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और आंधी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Also Read : पलामू में माँ ने भूख की खातिर 50 हजार में बेचा बच्चा, अब मामला आया सामने तो…