Ranchi : झारखंड में आज से मौसम करवट ले सकता है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों के लिए राहत लेकर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। 27 अप्रैल से ही तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी दिखने लगेगी। साथ ही 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, यानी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
अभी भी कई जिले तप रहे
रविवार को रांची का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि राज्य के कई जिलों में तापमान इससे कम रहा, लेकिन गर्मी का असर लगभग हर जगह महसूस हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी पलामू में रही, जहां पारा 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 डिग्री और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं कुछ इलाकों में हल्की राहत भी देखने को मिली, जैसे बोकारो में तापमान 35.2 डिग्री और जमशेदपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि संताल परगना के जिलों में तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
इन जिलों में ज्यादा असर
27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में मौसम ज्यादा बिगड़ने के आसार हैं। इस दौरान 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इसके बाद 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा, जहां तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है। 30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक पूरे झारखंड में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
Also Read : तपती गर्मी के बीच राहत की खबर, झारखंड में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी