Ranchi : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 20 मई का दिन खास रहने वाला है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू रांची पहुंचेंगे और एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए कई नई सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे को रांची एयरपोर्ट के लिए एक बड़े अपग्रेड के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरे के दौरान एयरपोर्ट पर कई नई सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इनमें सबसे खास ‘उड़ान यात्री कैफे’ है, जहां यात्रियों को कम कीमत में चाय, कॉफी और हल्के नाश्ते जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा बच्चों के लिए किड्स प्ले जोन भी शुरू किया जाएगा, ताकि परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिले। एयरपोर्ट परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। साथ ही लोकल आर्टिस्ट्स और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित स्पेस भी शुरू होने की जानकारी है।
यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने पर फोकस
रांची एयरपोर्ट पर लगातार बढ़ रही यात्री संख्या को देखते हुए सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। नई सुविधाओं का मकसद सिर्फ एयरपोर्ट को सुंदर बनाना नहीं, बल्कि यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है। खासकर बच्चों, परिवारों और बजट यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है। केंद्रीय मंत्री का यह दौरा सिर्फ उद्घाटन कार्यक्रम भर नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे झारखंड की एयर कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। रांची एयरपोर्ट राज्य का प्रमुख हवाई केंद्र है और यहां सुविधाओं का विस्तार पर्यटन, कारोबार और यात्री सुविधा तीनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Also Read : 17-18 मई को झारखंड में तेज आंधी के साथ होगी बारिश, अलर्ट जारी


