Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। घाटों मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने पहले सड़क पर चल रहे टेंपो को टक्कर मारी और इसके बाद हजारीबाग की ओर जा रही सागर बस को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर से बस, टेंपो और गुमटी हुई बर्बाद
हादसे की जानकारी के अनुसार, ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी 407 वाहन को भी टक्कर मारी और पास की फल और पान की गुमटी को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में फल दुकान पर काम कर रहे उदय सिंह उम्र 27 साल, पिता सूरज सिंह ट्रेलर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके अलावा पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को हजारीबाग भेजा, जहां उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बसों के जरिये उनके मंजिल तक पहुंचाया गया।
पुलिस की जांच और भविष्य की कार्रवाई
चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से मामले की जांच कर रही है। हादसे के पीछे की वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : सिमडेगा में ठगी की फरार आरोपी के घर पुलिस ने चिपकाया इस्तेहार

