Ranchi : गुमला-रांची मुख्य मार्ग (NH-23) पर गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिलकुट बेचने रांची जा रहे थे लोग
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार सभी लोग तिलकुट बेचने के लिए रांची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हाईवा वाहन ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
वारदात की सूचना मिलते ही भरनो थाना की पुलिस स्पॉट पर पहुंची। जख्मियों को एंबुलेंस से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
हाईवा ड्राइवर फरार, तलाश जारी
दुर्घटना के बाद हाईवा ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया और अज्ञात हाईवा की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, स्थानीय लोगों ने NH-23 पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
Also Read : रांची में ED अधिकारियों पर मारपीट का आरोप, पुलिस कर रही जांच


