Patna : पटना के बापू सभागार में आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का 25वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर पार्टी के पोस्टर, होर्डिंग और झंडों से सजावट की गई है। कार्यक्रम स्थल पर हाईटेक लाइटिंग और आकर्षक स्वागत द्वार भी लगाए गए हैं।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, यह एलजेपी (रामविलास) के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ हाल ही में निर्वाचित विधायकों, नए मंत्रियों, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी। समारोह का एक प्रमुख बिंदु नए विधायकों और मंत्रियों का मंच पर विशेष अभिनंदन होगा।
दलित सेना का पुनर्गठन
स्थापना दिवस पर पार्टी की महत्वपूर्ण इकाई दलित सेना के बड़े पुनर्गठन की घोषणा की संभावना है। इसके लिए अरुण भारती को जिम्मेदारी दी गई है। वे राज्यभर में दलित समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूत तरीके से उठाने की रणनीति बनाएंगे।

आगामी राजनीतिक योजनाएं
25वें स्थापना दिवस के मंच से पार्टी अगले साल के लिए कई बड़े कार्यक्रम और राजनीतिक रणनीतियों का ऐलान कर सकती है। चिराग पासवान पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 14 जनवरी से पूरे बिहार में व्यापक जन यात्रा शुरू की जाएगी। इस यात्रा में गांव-गांव जाकर सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल, बिजली-पानी, किसान और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर फोकस किया जाएगा।
बीते साल की उपलब्धियां
पार्टी अपने पिछले एक साल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत करेगी। इस साल चुनावों में एलजेपी (रामविलास) ने 28 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 सीटों पर जीत हासिल की। इसके अलावा पार्टी के दो विधायक मंत्री बने। पार्टी इस स्थापना दिवस पर इन उपलब्धियों को विस्तार से साझा करेगी।

