Ranchi : क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियों को लेकर यात्रियों की भीड़ बढ़ते ही ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुरी और जम्मू जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच पूरी तरह फुल हो चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों में आरक्षण काउंटर पर टिकट मिलना लगभग बंद हो गया है। रेलवे द्वारा स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग के कारण कई ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से रद्द किया गया है। इसके अलावा 10 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच कई ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।
राजधानी और अन्य ट्रेनों में भारी वेटिंग
रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453) में 21 दिसंबर को थर्ड एसी में 37, सेकेंड एसी में 24 और फर्स्ट एसी में 9 वेटिंग चल रही है। 22 दिसंबर को स्लीपर में 86, थर्ड एसी में 55 और सेकेंड एसी में 24 वेटिंग है। वहीं 23 दिसंबर को स्लीपर में 122, थर्ड एसी में 41 और सेकेंड एसी में 21 वेटिंग दर्ज की गई है। रांची–हटिया गरीब रथ (18619) में 22 दिसंबर को स्लीपर में 194 और थर्ड एसी में 176 वेटिंग है। रांची–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18626) में 21 दिसंबर को स्लीपर में 405 और थर्ड एसी में 10 वेटिंग चल रही है।
अन्य रूटों की स्थिति भी खराब
हटिया–बेंगलुरु एक्सप्रेस (18637) में 20 दिसंबर को स्लीपर में 97 और थर्ड एसी में 81 वेटिंग है, जबकि 21 दिसंबर को स्लीपर में 75 और थर्ड एसी में 60 वेटिंग दर्ज है। रांची–जम्मूतवी एक्सप्रेस (18309) में 22 और 23 दिसंबर को स्लीपर और थर्ड एसी में रिजर्वेशन बंद हो चुका है। हटिया–पटना एक्सप्रेस (12812) में 19 दिसंबर को स्लीपर में 75 और थर्ड एसी में 24 वेटिंग है। हटिया–पुणे एक्सप्रेस (22847) में 22 दिसंबर को स्लीपर में 50 और थर्ड एसी में 44 वेटिंग चल रही है। हटिया–जगदलपुर एक्सप्रेस (15027) में 21 दिसंबर को स्लीपर में 40 और थर्ड एसी में 7 वेटिंग दर्ज की गई है। रांची रेल मंडल के अनुसार, हटिया–पूर्णिया, हटिया–यशवंतपुर, हटिया–आनंद विहार, हटिया–पटना और हटिया–हावड़ा रूट पर भी वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है।
वैकल्पिक साधनों में भी महंगाई
ट्रैवल एजेंटों के अनुसार, ट्रेन टिकट नहीं मिलने पर यात्री फ्लाइट और बस जैसे विकल्प तलाश रहे हैं, लेकिन वहां भी किराया काफी बढ़ चुका है। ऐसे में छुट्टियों के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Also Read : सीयूएसबी में पीएचडी नामांकन का आखिरी मौका, कल तक करें आवेदन


