Bokaro : बोकारो जिले के फुसरो बाजार में ज्वेलरी दुकान से हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 29 मार्च 2026 को राजेंद्र प्रसाद दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान से सोने की चेन, झुमका और टॉप्स समेत करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए थे। इसके बाद बेरमो थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


सीसीटीवी और तकनीक से मिला सुराग
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डंप और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच तेज की। इसी दौरान पता चला कि चोरी का तरीका पहले भी चंद्रपुरा में हुई घटना से मिलता-जुलता है। इसके बाद एक टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
उड़ीसा से आरोपी दबोचा गया
जांच के दौरान पुलिस टीम उड़ीसा पहुंची और वहां से निसार अली उर्फ काला (26) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर दुकानदारों को बातों में उलझाकर जेवर चुरा लेता था।
8 लाख के जेवर बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी के जेवर भी बरामद कर लिए। इसमें 4 सोने की चेन और 30 पीस ईयर रिंग शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 65 ग्राम और कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी ओडिशा के कोरापुट जेल में रह चुका है। इससे साफ है कि वह पहले से ही इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन में बेरमो और चंद्रपुरा थाना के पुलिसकर्मी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
Also Read : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट पर बड़ी प्रगति, 9 एकड़ जमीन विवाद खत्म


