Jamshedpur : जमशेदपुर के धालभूमगढ़ में प्रस्तावित एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को आखिरकार रफ्तार मिलती दिख रही है। लंबे समय से अटकी करीब 9 एकड़ विवादित जमीन को नए प्लान से बाहर कर दिया गया है। पहले यह प्रोजेक्ट 249 एकड़ में बनना था, लेकिन अब इसे 240 एकड़ वनभूमि पर विकसित किया जाएगा। देवशोल और रुआशोल मौजा की वही जमीन हटाई गई है, जहां ग्राम सभाओं के विरोध के चलते काम अटका हुआ था।
AAI की टीम ने किया ऑन-स्पॉट सर्वे
संशोधित प्रस्ताव के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। झारखंड निदेशक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने पुराने रनवे, आसपास की जमीन, हाईवे और रेलवे कनेक्टिविटी जैसे सभी पहलुओं को बारीकी से देखा। साफ है कि अब प्रोजेक्ट को टेक्निकल तौर पर आगे बढ़ाने की तैयारी हो चुकी है।
24 अप्रैल को केंद्र सरकार को रिपोर्ट
निरीक्षण के बाद स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक भी हुई, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। अब इस पूरे सर्वे की रिपोर्ट तैयार कर 24 अप्रैल को केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे का अंतिम फैसला लिया जाएगा।
चाकुलिया भी बन सकता है विकल्प
इसी बीच AAI की टीम ने चाकुलिया हवाई पट्टी का भी निरीक्षण किया। यह पुराना एरोड्रम द्वितीय विश्व युद्ध के समय बना था और लंबे समय से बंद पड़ा है। करीब 515 एकड़ में फैले इस इलाके को भी विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। टीम ने यहां रनवे की स्थिति और सुरक्षा मानकों का भी आकलन किया।
दोनों जगहों पर साथ-साथ काम
अभी धालभूमगढ़ और चाकुलिया, दोनों जगहों को लेकर समानांतर तरीके से काम चल रहा है। अगर किसी वजह से धालभूमगढ़ प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ता है, तो चाकुलिया को विकल्प के तौर पर विकसित किया जा सकता है।
पहले चरण में छोटा रनवे, बाद में बड़ा विस्तार
पहले चरण में 240 एकड़ जमीन पर करीब 1745 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा, जहां ATR-72 जैसे विमान उतर सकेंगे। इसके साथ टर्मिनल, एटीसी टावर और फायर स्टेशन भी बनाए जाएंगे। दूसरे चरण में जमीन बढ़ाकर रनवे को 4400 मीटर तक किया जाएगा, ताकि बड़े विमान भी यहां आ सकें।
2019 से अटका था प्रोजेक्ट, अब बढ़ी उम्मीद
यह प्रोजेक्ट 2019 में शुरू हुआ था, लेकिन वन भूमि, एलिफेंट कॉरिडोर और ग्राम सभा के विरोध के कारण अब तक काम शुरू नहीं हो पाया था। अब विवादित जमीन हटने के बाद उम्मीद जगी है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
Also Read : 33% महिला आरक्षण पर सियासत तेज, गीता कोड़ा ने सभी दलों से मांगा समर्थन


