Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बीती रात एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की शिनाख्त नेहा कुमारी के तौर पर की गई है, जो कक्षा 12वीं की छात्रा थी। वह तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड की रहने वाली थी।
मृतका के मामा लक्ष्मण यादव ने मीडिया को बताया कि रविवार दोपहर वह और उनकी बहन गुड़िया देवी (नेहा की मां) किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। रात में जब वे घर लौटे तो देखा कि नेहा कुर्सी की सहायता से साड़ी का फंदा बनाकर छत में लगे लोहे के हुक से लटकी हुई थी। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया।
परिजनों ने नेहा के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें जयनगर थाना क्षेत्र के अंकित यादव (पिता अरुण यादव) के साथ व्हाट्सएप चैट मिले। चैट में अंकित द्वारा किसी वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देने और ब्लैकमेल करने संबंधी मैसेज देखे गए। परिजनों का शक है कि नेहा की दोस्ती अंकित से स्कूल के दिनों में हुई होगी, क्योंकि नेहा का पैतृक गांव जयनगर प्रखंड के चंद्रपुर है और उसने कक्षा 10 तक की पढ़ाई सतडीहा के एक स्कूल से की थी। मृतका के पिता परिवार के साथ नहीं रहते हैं।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। मामले में ब्लैकमेलिंग के एंगल की भी पड़ताल की जा रही है।
Also Read : टाटानगर स्टेशन पर आरपीएफ ने 36.5 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार


