Dhanbad : धनबाद समेत पूरे झारखंड में एसआइआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से पहले प्री एसआइआर का काम तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से इस काम को समय पर पूरा करने के लिए पूरी मशीनरी लगा दी गई है। बीएलओ से लेकर एआरओ और आरओ तक, पूरे निर्वाचन विभाग के कर्मचारी मैपिंग के काम में जुटे हुए हैं।
बीएलओ से लेकर आरओ तक जुटे मैपिंग में
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बताया गया कि प्री एसआइआर के तहत मतदाता सूची से जुड़े हर स्तर पर मैपिंग कराई जा रही है। इसमें बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), सहायक निर्वाची पदाधिकारी (एआरओ) और निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) सभी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं, ताकि आगे होने वाले एसआइआर में किसी तरह की दिक्कत न आए।
72 प्रतिशत काम पूरा, निकाय चुनाव के बाद आएगी और तेजी
जिला उप निर्वाचन अधिकारी कालिदास मुंडा ने बताया कि धनबाद जिले में प्री एसआइआर का काम करीब 72 प्रतिशत पूरा हो चुका है। फिलहाल निकाय चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, जिस वजह से काम की रफ्तार थोड़ी धीमी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही निकाय चुनाव संपन्न होंगे, प्री एसआइआर के काम में और तेजी लाई जाएगी।
चुनाव के बाद मतदाताओं को किया जाएगा जागरूक
जिला निर्वाचन कार्यालय की योजना है कि चुनाव खत्म होने के बाद स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के जरिए मतदाताओं को एसआइआर के बारे में जागरूक किया जाए। इसके तहत लोगों को बताया जाएगा कि एसआइआर क्यों जरूरी है और इसमें उनकी क्या भूमिका होगी।
चरणबद्ध तरीके से चलेगा जागरूकता अभियान
निर्वाचन कार्यालय की ओर से यह जागरूकता कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंच सके। अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद मतदाता सूची को और ज्यादा सटीक और पारदर्शी बनाना है।
Also Read : लोकभवन उद्यान बना रांची का सबसे बड़ा आकर्षण, अब 15 फरवरी तक खुला रहेगा

