Ranchi : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतिस्पर्धी परीक्षा परिषद (जेसीईईबी) ने नीट पीजी 2025 के आधार पर राज्य कोटा सीटों के लिए दूसरे राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर अपने आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। पहले राउंड की राज्य मेरिट सूची में शामिल उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। वे सीधे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
काउंसलिंग प्रक्रिया में पहले ऑनलाइन फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने का काम 10 से 12 दिसंबर तक होगा। इसके बाद 13 दिसंबर को दूसरे राउंड की प्रोविजनल राज्य मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 14 दिसंबर तक इस लिस्ट पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं, जबकि अंतिम राज्य मेरिट लिस्ट 15 दिसंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 16 से 18 दिसंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 19 दिसंबर को विकल्पों में संशोधन किया जा सकेगा। 22 दिसंबर को प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर जारी होगा, जबकि प्रमाणपत्र सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया 23 से 28 दिसंबर तक चलेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और बीसी वर्ग के लिए 1000 रुपये निर्धारित है, जबकि एससी, एसटी और सभी श्रेणी की महिला उम्मीदवारों के लिए यह 500 रुपये है। काउंसलिंग शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए 2000 रुपये और एससी, एसटी व महिला उम्मीदवारों के लिए 1200 रुपये है। सरकारी कॉलेजों में सुरक्षा राशि यूआर और ईडब्ल्यूएस के लिए 30,000 रुपये और एससी, एसटी, ओबीसी, पीडब्ल्यूडी के लिए 15,000 रुपये जमा करनी होगी। वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में 2 लाख रुपये और डेंटल कॉलेजों में 1 लाख रुपये जमा करने होंगे। स्ट्रे या मॉप-अप राउंड के लिए 50,000 रुपये की राशि जमा करनी होगी।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि आवंटित सीट पर निर्धारित समय में प्रवेश नहीं लिया गया, तो सुरक्षा राशि जब्त कर ली जाएगी। वहीं, यदि किसी भी चरण में सीट आवंटित नहीं होती है तो यह राशि वापस कर दी जाएगी।


