Chaibasa : जिले के गुवा थाना क्षेत्र में हुए गंगाधर सोंसिया हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य नामजद आरोपी तीलू पुरती (40), निवासी ग्राम बेतरकिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया। यह मामला तब सामने आया जब ग्राम गंगदा टोला, जोजोगुटू निवासी सपनी सोंसिया ने अपने पति गंगाधर सोंसिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या होने की आशंका जताते हुए गुवा थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और तीलू पुरती को नामजद आरोपी बनाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित रेनू के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु अजय केरकेट्टा ने किया। टीम में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, अनुसंधानकर्ता ललन कुमार मंडल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
विशेष जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदिग्धों की गतिविधियों, आपसी रंजिश और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान मिले ठोस सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीलू पुरती को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने गंगाधर सोंसिया की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पुष्टि कर रही है ताकि किसी संभावित साजिश या अन्य सहयोगियों की भूमिका का खुलासा हो सके।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ अजय केरकेट्टा, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, अनुसंधानकर्ता ललन कुमार मंडल, पुलिस अधिकारी गणेश शंकर गौड़, नेमलाल महतो, सतीश कुमार सिंह और गुवा तथा चाईबासा थाना के अन्य अधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Also Read : अंश–अंशिका और सोमा मुंडा के परिजनों से मिले सुदेश, हर संभव मदद का दिया भरोसा


