Dhanbad : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत भेलाटांड़ स्थित आठ लेन सड़क पर बीती देर रात तेज रफ्तार से चल रही एक कार ने सड़क पर अफरातफरी मचा दी। मेमको मोड़ से गोल बिल्डिंग की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर हुए हादसे में चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हुंडई कार (नंबर जेएच10आर 9354) तेज गति में थी और लापरवाही से चलाई जा रही थी। इसी दौरान कार ने आगे चल रही एक अन्य वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही एक और कार (जेएच10एबी 8756) ने हुंडई को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हुंडई कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी कार (जेएच10बीएल 6969) सहित अन्य वाहनों और बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के समय पास की दुकान से चाय पीकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे युवक निखिल मोदी भी कार की चपेट में आ गए। उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से उन्हें पहले एशियन जालान अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर असर्फी अस्पताल और बाद में दुर्गापुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने हुंडई कार से शराब भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चलाना बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
वहीं जिस कार को हुंडई ने पीछे से टक्कर मारी थी, उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए। कार में न्यू कार्मिक नगर निवासी विकास कुमार, उनकी पत्नी, दो बेटियां सवार थीं, जो एक स्कूल कार्यक्रम से लौट रहे थे।


