Ranchi : रांची के कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टुरेंट के संचालक विजय नाग की हत्या का मास्टरमाइंड अभिषेक के साथ रांची पुलिस की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ रात करीब 11.15 बजे ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे पत्थर खदान वाले रास्ते में हुई है। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई है। रांची पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में अभिषेक नामक अपराधी को दोनों पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में घायल अभिषेक को पुलिस ने घेराबंदी कर कब्जे में लिया है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। रांची पुलिस घायल अपराधी का इलाज करा रही है।
विजय नाग की हत्या के बाद फरार था आरोपी
मालूम हो कि शनिवार की देर रात अभिषेक सिंह ने चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद रांची एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया था और फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं।
पुलिस को देखते ही अभिषेक ने की फायरिंग
रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक सिंह सुकुरहुटू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने अभिषेक को घेरने की कोशिश की, उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान अभिषेक को गोली लग गई।

Also Read : वेज की जगह नॉन-वेज चला गया पार्सल, सनक में ठोक दिया विजय को गोली, मौ’त