Madhubani : जिले के मधेपुर थाना क्षेत्र के भखराईन गांव में शनिवार को एक नवविवाहित महिला की बॉडी संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। मृतका की शिनाख्त रमन जी मुखिया की पत्नी असमिती कुमारी के तौर पर की गई है, जिनकी शादी पांच महीने पहले ही हुई थी। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
पति से विवाद के बाद मौत की खबर
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात असमिती अपने पति से फोन पर बात कर रही थीं। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। सास का कहना है कि विवाद के बाद असमिती ने आत्महत्या की बात कही थी। शनिवार सुबह जब सास ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा खोलने पर असमिती मृत पाई गईं।
बीमारी का चल रहा था इलाज
सास ने मीडिया को बताया कि असमिती कुछ दिनों से बीमार थीं और उनका इलाज नवादा के एक निजी डॉक्टर से चल रहा था। हालांकि, अचानक हुई इस मौत ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

ससुराल में प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता सिया चरण मुखिया ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर असमिती मायके आई थीं और एक रात वहां रुकी थीं। मौत की खबर उन्हें ग्रामीणों के फोन से मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मधेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार अमित कुमार चौरसिया ने बताया कि बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Also Read : NCERT ने जारी किए दो नए मॉड्यूल, बंटवारा और मुगल शासन अब नए नजरिए से पढ़ेंगे छात्र