Saraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई है। आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन जाने वाली रेल लाइन पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेल लाइन के पास एक युवक का शव देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
वारदात की फैली सूचना के बाद आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस इस मामले की जांच अलग-अलग पहलुओं से कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड पर दो युवक और एक युवती के शव मिल चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
Also Read : नवादा में सम्मान समारोह, अंशिता सिन्हा को मिला साहित्यिक सम्मान


