Ranchi : पहाड़ी मंदिर के आसपास अड्डेबाजी और नशाखोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को सदर एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सुखदेव नगर थाना पुलिस की मदद से छापेमारी की गई।
मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में छापेमारी
प्रशासन और पुलिस की टीम ने पहाड़ी मंदिर परिसर और उसके आसपास के इलाकों में जांच की। छापेमारी के दौरान अड्डेबाजी कर रहे और नशाखोरी में शामिल चार युवकों को मौके से पकड़ा गया। सभी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की गई है।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की ओर से शिकायतें मिल रही थीं। लोगों का कहना था कि कुछ युवक शाम के समय मंदिर के आसपास जमा होकर नशा करते हैं, जिससे माहौल खराब होता है और आने-जाने वालों को परेशानी होती है।
भविष्य में दोहराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कार्रवाई के बाद पकड़े गए युवकों को चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर रहेगी नजर
अधिकारियों ने साफ किया कि पहाड़ी मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर प्रशासन की नजर बनी रहेगी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : सोनाहातू म’र्डर केस का खुलासा, महिला ने पति के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौ’त के घाट


