Latehar : लातेहार जिले के गारू प्रखंड अंतर्गत कुजरुम गांव में 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से आवश्यक सामग्री वितरण सह मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। सर्दी, बुखार, खांसी, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का इलाज किया गया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष रूप से जांच की गई।
इसके साथ ही पशु चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां पशुओं की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। पशुधन के संरक्षण, रोगों से बचाव और बेहतर देखभाल को लेकर पशुपालकों को जानकारी भी दी गई।
मौके पर मौजूद एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के नागरिक कल्याण कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, रोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि एसएसबी सीमावर्ती और दूरदराज इलाकों में रह रहे लोगों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।
अंत में 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए एसएसबी का आभार जताया और इसे बेहद उपयोगी बताया।



