Ranchi : झारखंड के हजारीबाग जिले में शिक्षकों ने वेतन नहीं मिलने के खिलाफ गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचकर शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। दो महीने से सैलरी बंद होने के कारण शिक्षकों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वेतन भुगतान की मांग, ट्रेजरी घोटाले का असर बताया
शिक्षकों का कहना है कि ट्रेजरी घोटाले के बाद मार्च से उनका वेतन रोक दिया गया है। मार्च और अप्रैल के महीने में वेतन नहीं मिलने से उनके सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मो. जहांगीर अंसारी ने कहा कि इस मामले से शिक्षकों का कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी उन्हें सजा दी जा रही है। उन्होंने समय पर वेतन भुगतान की मांग की है।
सहायक आचार्यों को 9 महीने से नहीं मिला वेतन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
शिक्षक संगठनों ने बताया कि जिले में नियुक्त सहायक आचार्यों को भी करीब 9 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी स्थिति और खराब हो गई है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द वेतन नहीं दिया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है।
Also Read : हजारीबाग में शिक्षा विभाग का नया ऑडिटोरियम, 200+ शिक्षकों की होगी क्षमता


