Ranchi : राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में एक बार फिर से बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आई है। मेडिसन वार्ड C-2 में अचानक पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे मरीज और उनके परिजन भारी परेशानी में फंस गए। सूत्रों के मुताबिक, यह समस्या तब हुई जब कई मरीज बाथरूम में थे। पानी नहीं मिलने के कारण उनकी दैनिक जरूरतें पूरी नहीं हो सकीं और परिजनों को भी असुविधा झेलनी पड़ी।
वहीं, जब परिजन इस समस्या की शिकायत वार्ड में तैनात नर्स और स्टाफ से लेकर पहुंचे, तो उन्हें कोई समाधान नहीं मिला। घंटों तक वार्ड बॉय और नर्सिंग स्टाफ द्वारा कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या बनी रही। मजबूरन परिजनों को बाहर जाकर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा। रिम्स में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का न मिलना मरीजों और उनके परिवारों के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। इससे अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
Also Read : साहिबगंज: ज़मीन को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या


