Johar Live Desk : GST परिषद के बड़े बदलावों की घोषणा और वैश्विक बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार तेजी देखी गई। बीएसई सेंसेक्स 647.27 अंक (0.80%) की उछाल के साथ 81,214.98 पर खुला, जबकि निफ्टी-50, 194.65 अंक (0.79%) की बढ़त के साथ 24,909.70 पर खुला।
GST में बदलाव से बाजार में रौनक
GST परिषद ने 12% और 28% के टैक्स स्लैब को हटाकर केवल दो मुख्य स्लैब – 5% और 18% – रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही कई रोजमर्रा की चीजों पर टैक्स हटा दिया गया है। दूसरी ओर, 40% का एक विशेष टैक्स स्लैब लागू किया गया है। इन बदलावों से बाजार में उत्साह का माहौल है, जिसका असर सेंसेक्स और निफ्टी की तेजी में दिख रहा है। निफ्टी के सभी सेक्टर्स में बढ़त देखी जा रही है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का जोर बना हुआ है।
निवेशकों की संपत्ति में 4 लाख करोड़ का इजाफा
बाजार खुलते ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 4 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इससे निवेशकों की दौलत में भी इतनी ही बढ़ोतरी हुई है।
सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी
सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 81,214.98 और निफ्टी-50, 24,909.70 के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले। एमएंडएम, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई, जबकि एटर्नल और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बाजार का हाल
बीएसई पर कुल 2,597 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 2,024 शेयरों में तेजी और 452 में गिरावट देखी गई। 121 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा, 60 शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर और 12 शेयर एक साल के न्यूनतम स्तर पर पहुंचे। 78 शेयर अपर सर्किट और 35 शेयर लोअर सर्किट पर रहे।
पिछले दिन का प्रदर्शन
बुधवार को सेंसेक्स 409.83 अंक (0.51%) की बढ़त के साथ 80,567.71 पर और निफ्टी 135.45 अंक (0.55%) की उछाल के साथ 24,715.05 पर बंद हुआ था।
Also Read : GST परिषद का बड़ा फैसला : डेयरी उत्पादों, उर्वरकों और कृषि उपकरणों पर टैक्स कम, कोल्ड ड्रिंक होंगे महंगे