Chaibasa : चाईबासा जिले में भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चाईबासा-सेरेंगसिया मुख्य सड़क पर सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। शनिवार सुबह शवों को चाईबासा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों में एक की पहचान बिंगतोपांग गांव निवासी 20 वर्षीय शिवा बिरूली के रूप में हुई है। वहीं दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी, जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अज्ञात युवक की पहचान कराने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
Also Read : झारखंड दौरे पर के. राजू, 27-28 दिसंबर को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

