Ranchi : झारखंड में पोस्ट ग्रेजुएट होम्योपैथी में दाखिले के लिए स्पेशल राउंड ऑनलाइन काउंसलिंग की शुरुआत कर दी गई है। यह प्रक्रिया गढ़वा स्थित देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च हॉस्पिटल की ऑल इंडिया कोटा सीटों के लिए आयोजित की जा रही है।
पीजी होम्योपैथी में नामांकन ऑल इंडिया आयुष पीजी प्रवेश परीक्षा (AIA PGET) 2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 17 और 18 दिसंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्पेशल राउंड की मेरिट सूची 19 दिसंबर 2025 को जारी की जाएगी।
इस विशेष काउंसलिंग के जरिए कुल 10 खाली पीजी होम्योपैथी सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को संबंधित कॉलेज और विश्वविद्यालय में प्रवेश मिलेगा।
इस काउंसलिंग में वही अभ्यर्थी भाग लेने के पात्र होंगे, जिन्होंने अब तक किसी भी आयुष पीजी ऑल इंडिया या राज्य स्तरीय काउंसलिंग के माध्यम से नामांकन नहीं कराया है। काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया एनसीआईएसएम और एनसीएच, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को AIA PGET 2025 का स्कोर कार्ड अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन शुल्क ऑल इंडिया उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये और झारखंड राज्य के एससी, एसटी तथा महिला उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये तय किया गया है। यह शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा, जो वापस नहीं किया जाएगा।


