Ramgarh : रामगढ़ जिले में स्थित बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड (BFCL) प्लांट से फैल रहे प्रदूषण को लेकर इलाके में चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाला धुआं हवा को जहरीला बना रहा है और सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन को घेरा है।
सीएम और डीसी को किया टैग, वीडियो किया शेयर
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए सीएम हेमंत सोरेन और रामगढ़ के डीसी को टैग किया। वीडियो में दूर-दूर तक फैले धुएं के गुब्बार को दिखाया गया है। मरांडी का आरोप है कि कई किलोमीटर दूर से दिखने वाला यह प्रदूषण न तो पुलिस प्रशासन को नजर आता है, न प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को और न ही सरकार को।
रामगढ़ स्थित BFCL प्लांट से हो रहा बेलगाम प्रदूषण आज आमजन के लिए गंभीर संकट बन चुका है। लोग दमघोंटू हवा में सांस लेने को मजबूर हैं, लेकिन मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी एयर प्यूरीफायर लगाकर चैन की सांस ले रहे हैं।
पुलिस प्रशासन प्रायः बैरिकेडिंग… pic.twitter.com/FJOIelU6kh
— Babulal Marandi (@yourBabulal) February 8, 2026
अधिकारियों पर तंज, सिस्टम पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि आम लोग दमघोंटू हवा में जीने को मजबूर हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी एयर प्यूरीफायर लगे कमरों में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अक्सर सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दोपहिया वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच करती दिख जाती है, लेकिन बड़े औद्योगिक प्लांटों से निकल रहे धुएं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
उद्योग नीति पर भी उठाए सवाल
मरांडी ने सरकार की खनन और उद्योग नीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि झारखंड को प्रकृति ने खनिज संपदा से नवाजा है, लेकिन अंधाधुंध खनन और उद्योगों को खुली छूट देने की नीति अब राज्य की जनता के लिए अभिशाप बनती जा रही है।
प्लांट बंद करने और SIT जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने रामगढ़ डीसी से मांग की है कि प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर जिले में चल रहे सभी उद्योगों, खासकर BFCL जैसे इंगोट निर्माण प्लांटों की निष्पक्ष और सख्त जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Also Read : सीमेंट लदा ट्रक बिजली खंभे से टकराकर पलटा, ड्राइवर को आ गयी थी झपकी

