Lohardaga : लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे सीओ यानी अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। हमले में अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले को लेकर सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
घटना सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी–सेन्हा पथ स्थित नूरी सराय पुल के पास की है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए जब वे मौके पर पहुंचे, तभी बालू माफियाओं ने उन पर हमला कर दिया।
सीओ द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन के अनुसार, सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां, छोटे पुत्र राशिद अंसारी समेत करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने मिलकर लाठी, डंडा और बेलचा से उन पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू अनलोड करवा लिया और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने ईंट से सरकारी वाहन के शीशे पर हमला किया, जिससे शीशा टूट गया। इसके बाद भी अंचल अधिकारी को रोककर मारपीट करने की कोशिश की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे।
अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 के तहत सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : आद्रा और आसनसोल रेल मंडल में ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द


