Jamshedpur : नववर्ष के मद्देनज़र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रमुख पिकनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रूरल एसपी ऋषभ गर्ग ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस क्रम में वे डिमना डैम (लेक) पहुंचे, जहां उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रूरल एसपी ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डिमना डैम परिसर में नशे की हालत में हंगामा करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस ने कुछ नशेड़ियों को मौके पर ही रोककर पूछताछ की और चेतावनी दी। साथ ही झील के किनारे खतरनाक तरीके से जाकर सेल्फी लेने वाले सैलानियों को भी रोका गया और उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
रूरल एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता पिकनिक मनाने वाले सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि नववर्ष के दौरान डिमना डैम सहित अन्य पिकनिक स्थलों पर लगातार गश्त की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए।
Also Read : तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए पुलिसकर्मी, एक की मौ’त, एक जख्मी


