Ranchi : रांची नगर निगम ने दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए शहर को चमकाने के लिए “सफ़ाई तो होकर रहेगी 4.0” अभियान शुरू किया है। निगम ने साफ कहा है कि इस बार कोई ढील नहीं होगी। सड़कों, गलियों, मोहल्लों से लेकर पूजा पंडालों तक हर जगह स्वच्छता सुनिश्चित होगी।
अधिकारी सड़कों पर उतरे
अपर प्रशासक के नेतृत्व में रविवार को निगम के सभी अधिकारी अपने दलों के साथ मैदान में उतरे। अपर प्रशासक, उप प्रशासक, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर और स्वच्छता कॉरपोरेशन के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों का दौरा किया। सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई और जहां कमियां मिलीं, वहां तुरंत सुधार के आदेश दिए गए। अपर प्रशासक ने खुद सड़कों पर सफाई कार्यों की निगरानी की।
गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना
अभियान के दौरान गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई हुई। अनुराग कुमार पर सार्वजनिक जगह पर बिल्डिंग मटेरियल का कचरा फेंकने के लिए 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कांके रोड के श्रीराम गार्डन को भी गंदगी फैलाने पर दंडित किया गया। निगम ने कहा कि गंदगी फैलाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
कचरा संग्रहण को मजबूती
शहर में कचरे का ढेर न लगे, इसके लिए निगम ने स्वच्छता कॉरपोरेशन को 30 ड्राइवर और 2 जेसीबी मशीनें दी हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और तेज किया जा रहा है।
पंडाल और लाइट की व्यवस्था
अपर प्रशासक ने पूजा पंडालों के आसपास के रास्तों की जांच और मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही, खराब स्ट्रीट लाइटों की सूची बनाने और उनकी तुरंत मरम्मत के लिए वार्ड-वार टीमें गठित की गई हैं।
स्वच्छ रांची का संकल्प
रांची नगर निगम का यह अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। निगम का कहना है कि इस बार दुर्गा पूजा में रांची स्वच्छ, रोशनी से जगमग और अनुशासित शहर के रूप में नजर आएगा। “सफ़ाई तो होकर रहेगी” का संकल्प अब पूरी ताकत से लागू हो रहा है।
Also Read : ओम गर्ल्स हॉस्टल में लालपुर पुलिस के रेड, से’क्स रैकेट की सूचना पर हुई कार्रवाई