Garhwa/Sasaram : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सासाराम सीट से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह को सोमवार को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी झारखंड के गढ़वा जिले की पुलिस ने सासाराम पुलिस की मदद से की। उन्हें 10 गाड़ियों के काफिले के साथ गढ़वा लाया गया, जहां सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
20 से अधिक मामलों में आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार सत्येंद्र साह पर सत्येंद्र साह पर गढ़वा के चिरौंजिया मोड़ स्थित बैंक में डकैती का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ 2018 में स्थायी वारंट (लाल वारंट) जारी हुआ था। रोहतास के एसडीपीओ टू कुमार वैभव ने बताया, “नामांकन के बाद सत्येंद्र साह को गिरफ्तार किया गया और गढ़वा भेजा गया।” पुलिस रिकॉर्ड में उनके खिलाफ लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और धमकी जैसे 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नामांकन के बाद गिरफ्तारी
सत्येंद्र साहु जैसे ही सासाराम अनुमंडल कार्यालय में नामांकन कर बाहर निकले, मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ बड़ी संख्या में राजद समर्थक और कार्यकर्ता भी मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरातफरी मच गई। हालांकि, सासाराम पुलिस ने स्थिति को तुरंत काबू में कर लिया। गढ़वा पुलिस को पहले से उनके नामांकन की जानकारी थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

राजनीतिक विवाद और समर्थकों का आरोप
सत्येंद्र साह के समर्थकों ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका दावा है कि विपक्षी दलों के दबाव में पुलिस ने यह कार्रवाई की ताकि उनके नेता की छवि खराब हो। वहीं, पुलिस इसे कानूनी कार्रवाई बता रही है।
क्षेत्र में हलचल तेज
इस गिरफ्तारी से गढ़वा और सासाराम में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि 21 साल पुराने इस डकैती मामले में कोर्ट का अगला फैसला क्या होगा।
Also Read : दिवाली के बाद बिहार में घना प्रदूषण, पटना का AQI 300 पार