Latehar : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृज नन्दन प्रसाद ने शनिवार को लातेहार का दौरा किया। लातेहार परिसदन में DC उत्कर्ष गुप्ता ने पौधा और स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। संयुक्त सचिव ने जिले में चल रहे आदि कर्मयोगी अभियान की प्रगति की समीक्षा की और कई विकासात्मक स्थलों का निरीक्षण किया।
अभियान की समीक्षा
DC ने बताया कि संयुक्त सचिव ने विशेष ग्राम सभाओं, ग्राम विज़न प्लान 2030, जनजातीय समुदाय की आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी पहलों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी जरूरतों और सुझावों को सुना।
लातेहार को मॉडल जिला बनाने की संभावना
संयुक्त सचिव ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लातेहार जनजातीय विकास में मॉडल जिला बन सकता है, बशर्ते योजनाओं का कार्यान्वयन इसी गति और पारदर्शिता से हो। उन्होंने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान का लक्ष्य जनजातीय समुदाय को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर
DC ने बताया कि जिला प्रशासन अभियान के तहत हर पंचायत में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद लोग
इस अवसर पर आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन और अन्य अधिकारी व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे।
Also Read : बोकारो के दुंदीबाग बाजार में भीषण आ’ग, सात दुकानें जलीं, लाखों का नुकसान