New Delhi : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर जारी किया है। बैंक ने ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 5 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के तहत कुल 30 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें ऑफिसर (सिविल इंजीनियर) के 21 पद, ऑफिसर (इलेक्ट्रिकल इंजीनियर) के 7 पद और ऑफिसर (मैकेनिकल इंजीनियर) के 2 पद शामिल हैं। उम्मीदवारों के पास संबंधित ब्रांच में बीई/बीटेक की डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। साथ ही अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता शर्तें भी जरूरी होंगी।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड (JMG) स्केल-I के तहत वेतन और अन्य भत्ते दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,180 रुपये रखा गया है, जबकि एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए यह 59 रुपये है।
आवेदन के लिए उम्मीदवारों को बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, फॉर्म भरकर दस्तावेज अपलोड करने होंगे और फीस जमा कर आवेदन सबमिट करना होगा। अंत में आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
Also Read : JTET 2026: आज से आवेदन शुरू, 10 साल बाद परीक्षा; उम्र सीमा में 9 साल की बड़ी छूट


