Dhanbad : धनबाद के कोयलांचल इलाके वासेपुर में बीती देर रात अचानक गोलियों की आवाज से सन्नाटा टूट गया। बाइक सवार बदमाशों ने जेल में बंद माफिया डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगने से ड्राइवर बेतरह जख्मी हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मस्जिद से लौटते वक्त हुआ शक
मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे इकबाल खान मस्जिद से इबादत कर घर लौट रहे थे। उनके साथ उनका अंगरक्षक और ड्राइवर बबली भी मौजूद था। तभी उन्हें लगा कि कुछ संदिग्ध लोग उनका पीछा कर रहे हैं। हालात को भांपते हुए इकबाल खान तुरंत फहीम मार्केट के अंदर सुरक्षित जगह पर चले गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद अंगरक्षक और ड्राइवर बबली उन संदिग्ध लोगों को देखने और पहचानने के लिए बाहर निकले।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी टक्कर, फिर की फायरिंग
जैसे ही वे अली नगर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने बबली को टक्कर मार दी। टक्कर से वह गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली बबली की पीठ में जा लगी। गोलियां चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भूली की तरफ फरार हो गए।
हालत गंभीर, दुर्गापुर रेफर
घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने जख्मी बबली को तुरंत असर्फी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गैंगवार की एंगल से जांच
घटना की खबर मिलते ही बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है।
Also Read : जन अदालत ह’त्याकांड में माओवादी महिला कमांडर पर एनआईए ने कसा शिकंजा


