Jamtara : केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान रणधीर सिंह ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पर तीखा हमला बोला और बजट की जमकर सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता में बोलते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को पहले अपने क्षेत्र की व्यवस्था सुधारनी चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री में दम है तो जामताड़ा शहर के आसपास एक मेडिकल कॉलेज बनवाकर दिखाएं। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए और कहा कि आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलनी चाहिए।
बजट को बताया दूरदर्शी और विकासोन्मुख
रणधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आने के बाद देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने 2026-27 के बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में गांव, किसान, मजदूर, छात्र, महिला और बुजुर्ग सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
कृषि क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की योजना है। गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा, बड़े बांधों और चेक डैम का निर्माण किया जाएगा। इससे किसानों को साल भर पानी उपलब्ध होगा और वे मोटे अनाज समेत अन्य फसलों की खेती बेहतर ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि फल और सब्जियों के भंडारण के लिए शीतगृह की व्यवस्था भी बजट में शामिल है, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित दाम मिल सकेगा।
रोजगार और मनरेगा पर टिप्पणी
रणधीर सिंह ने कहा कि पहले मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतें थीं और मजदूरों को केवल 100 दिन का काम मिलता था। अब केंद्र सरकार ने रोजगार के अवसर बढ़ाकर 125 दिन कर दिए हैं। साथ ही यदि काम नहीं मिलेगा तो रोजगार भत्ता सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और बिचौलियों की भूमिका कम होगी।
स्वास्थ्य और रक्षा क्षेत्र पर जोर
उन्होंने कहा कि इस बजट में कैंसर, मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों की कीमतों में कमी का प्रावधान है। संताल परगना क्षेत्र में तीन मेडिकल कॉलेजों के निर्माण की योजना भी शामिल है। रक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के तहत स्वदेशी हथियारों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे देश की सुरक्षा और मजबूत होगी।
मध्यम वर्ग और आधारभूत ढांचा
रणधीर सिंह ने कहा कि मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं को सस्ता करने पर ध्यान दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और रेलवे के विस्तार पर भी विशेष जोर है। वंदे भारत ट्रेनों का संचालन देश की प्रगति का प्रतीक है। प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री मितेश शाह, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत और भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Also Read : रांची में मिनी आर्म्स फैक्ट्री का खुलासा, 19 देशी बंदूक सहित अन्य सामान बरामद


