Ranchi : रांची के जगरनाथपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से लोडेड देसी पिस्टल, छह जिंदा गोलियां, दो टांगी, दो बेसबॉल स्टिक, पांच मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किया गया।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और किसी बड़ी घटना की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एक टीम बनाई गई और मौके पर छापेमारी की गई।
नदी किनारे खड़ी थी स्विफ्ट कार
पुलिस जब बताए गए लोकेशन पर पहुंची तो स्वर्णरेखा नदी किनारे एक नीली स्विफ्ट कार खड़ी मिली। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर कार की जांच शुरू की। कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से लोडेड देसी पिस्टल और छह जिंदा गोलियां मिली। इसके अलावा गाड़ी के अंदर से दो टांगी और दो बेसबॉल स्टिक भी बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन और एक टैबलेट भी जब्त किया है। अधिकारियों का मानना है कि इन उपकरणों की जांच से आरोपियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, राकेश रंजन उर्फ गुड्डू और रोहित महली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुमित मिंज और राकेश रंजन के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी वसूली, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े केस शामिल हैं। पुलिस अब इन दोनों के पुराने मामलों की भी समीक्षा कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल के दिनों में वे किन लोगों के संपर्क में थे।
Also Read : ट्रैफिक नियम तोड़े तो सस्पेंड होगा लाइसेंस, हजारीबाग में 1080 चालकों पर कार्रवाई


