Hazaribagh : हजारीबाग जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अब केवल जुर्माना भरकर बच निकलना आसान नहीं होगा। नियम तोड़ने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जा रहा है। जिला परिवहन विभाग के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 1080 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है। खासकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, ओवरलोडिंग करने वाले चालकों, रफ ड्राइविंग करने वालों और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि हजारीबाग में बड़ी संख्या में लोग हेलमेट पहनने से बचते हैं। यह लापरवाही कई बार जानलेवा साबित होती है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सबसे अधिक मौतें होती हैं। ऐसे में हेलमेट का उपयोग हर दोपहिया चालक के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाती है। लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया जाता है। विभाग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।
अधिकारियों के अनुसार यदि कोई चालक बार-बार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। लाइसेंस निलंबन के अलावा पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है और गंभीर मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द भी किया जा सकता है।
प्रशासन का कहना है कि सड़क पर निकलने वाला हर व्यक्ति अपने परिवार के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
Also Read : गढ़वा पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपहृत पाइप फिटर को 5 घंटे में सकुशल बरामद किया


