रांची : 26 मार्च से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 41 विमान भरेंगे उड़ान

रांची। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अब देश के कई अन्य शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होगी। जयपुर, गोवा, मैंग्लोर, विशाखापट्टनम, श्रीनगर, कोचिन और देवघर के लिए एयरपोर्ट से 26 मार्च से सेवाएं मिलनी शुरू हो जायेंगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रांची-पुणे-मेंगलुरु रात 8.10 बजे रांची आयेगी और रात 8.45 बजे उड़ान भरेगी।

वहीं इंडिगो का बेंगलुरु-रांची-पुणे-विशाखापट्टम विमान रात 8.10 बजे रांची आयेगा और रात 8.45 बजे विशाखापट्टम के लिए रवाना होगा। इंडिगो का गोवा-रांची-गोवा विमान शाम 6.15 बजे रांची आयेगा और शाम 6.45 बजे रांची से गोवा के लिए रवाना होगा। एयर एशिया का विमान दिल्ली-रांची-दिल्ली-कोच्चि दोपहर 12 बजे रांची आयेगा और दोपहर 12.30 बजे कोच्चि रवाना होगा। इंडिगो का देवघर-रांची-देवघर विमान दोपहर 12.10 बजे रांची आयेगा और दोपहर 12.40 बजे रांची से देवघर के लिए उड़ान भरेगा।

अकाशा एयरवेज का विमान हैदराबाद-रांची-बेंगलुरु दोपहर 1.40 बजे रांची आयेगा और दोपहर 2.15 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ेगा़ वहीं दूसरा विमान बेंगलुर-रांची-हैदराबाद सुबह 8.40 बजे रांची आयेगा और सुबह 9.20 बजे हैदराबाद के लिए उड़ेगा. इंडिगो का जयपुर-रांची-जयपुर विमान सुबह 9.05 बजे रांची आयेगा व सुबह 9.35 बजे जयपुर के लिए उड़ेगा।

एयर एशिया का रांची-दिल्ली-श्रीनगर विमान सुबह 8.15 बजे रांची आयेगा व सुबह 8.45 बजे श्रीनगर उड़ेगा। एयर एशिया का विमान रांची-बेंगलुर-कोच्चि सुबह 7.25 बजे रांची आयेगा व सुबह 7.55 बजे कोच्चि उड़ेगा।