Ranchi : झारखंड में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। 29 अक्टूबर तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर कम हो गया है, इसलिए दक्षिणी क्षेत्र को छोड़कर बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 24 अक्टूबर की सुबह कोहरे या धुंध के साथ शुरुआत होगी, जबकि दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा। देवघर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। 25 अक्टूबर को पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में भी सुबह मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
शनिवार को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। 26 और 27 अक्टूबर को भी दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में सुबह कोहरा रहेगा। 27 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा।

Also Read : हजारीबाग पुलिस ने नशे के धंधेबाजों को दी बड़ी चोट, चार तस्कर गिरफ्तार

