Dhanbad : झरिया विधायक रागिनी सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से मुलाकात कर झरिया विधानसभा क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं को उनके सामने रखा। इस दौरान उन्होंने खास तौर पर केंदुआ और आसपास के खनन प्रभावित क्षेत्रों में भू-धंसान, गैस रिसीवर, विस्थापन और धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क की खराब हालत का मुद्दा उठाया। रागिनी सिंह ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि केंदुआ क्षेत्र में लगातार जमीन धंसने और गैस रिसीवर की घटनाओं से स्थानीय लोग प्रभावित में जी रहे हैं। प्रभावित परिवार हर दिन असुरक्षा के माहौल में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक स्थानीय समस्या नहीं, बल्कि लोगों की जान से जुड़ा गंभीर मामला है।
सोनारडीह में भी गहराता संकट
विधायक ने कतरास के सोनारडीह इलाके का मुद्दा भी उठाया, जहां लगातार जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि इन इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है और अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग बंद होने का असर हजारों लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। विधायक ने बताया कि स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय भी बर्बाद हो रहा है और जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
पुनर्वास और सड़क मरम्मत की मांग
रागिनी सिंह ने केंद्रीय मंत्री से मांग की कि प्रभावित इलाकों का तुरंत सर्वे कराया जाए। भू-धंसान और गैस रिसाव से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने, पुनर्वास, वैकल्पिक आवास और जरूरी बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क की मरम्मत कर जल्द चालू कराने की दिशा में कदम उठाने की अपील की। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भरोसा दिलाया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी कार्रवाई शुरू की जाएगी। इससे प्रभावित लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।
